नई दिल्ली, 19/12/2025
राजधानी दिल्ली एक बार फिर जहरीली हवा की चपेट में है. प्रदूषण का स्तर इतना खतरनाक है कि सांस लेना तक मुश्किल हो गया है. वहीं, दिल्ली सरकार वायु प्रदूषण से निपटने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. बावजूद इसके अब तक राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ है. ऐसे में अब दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में घोषणा की है कि सरकारी स्कूलों में 10 हजार एयर प्यूरीफायर लगाए जाएंगे. साथ ही सितंबर 2026 तक भलस्वा लैंडफिल साइट को भी खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है.
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि बाद में अगले चरणों में सभी क्लास रूम को इसके दायरे में लाया जाएगा. आज ही स्कूलों में 10 हजार एयर प्यूरीफायर लगाने के लिए टेंडर जारी किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह सच्चाई किसी से छिपी नहीं है कि पिछली आम आदमी पार्टी सरकार ने प्रदूषण को लेकर ज़मीनी समाधान देने के बजाय केवल विज्ञापन की राजनीति पर ध्यान दिया. कभी ऑड–ईवन, कभी “गाड़ी ऑफ” जैसे दिखावटी अभियान चलाए गए, जिनका कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया.
शिक्षा मंत्री ने कहा, ”विज्ञापनों तक सीमित इन उपायों के बीच नगर निगमों को समय पर फंड नहीं दिए गए, सफ़ाई कर्मचारियों की अनदेखी की गई और स्थायी इंफ्रास्ट्रक्चर व तकनीकी समाधानों पर गंभीरता से काम नहीं हुआ. हमारी सरकार द्वारा आज नई ईवी पॉलिसी को लागू किया जा रहा है. भलस्वा लैंडफिल को खत्म करने का काम जोरो पर है. नगर निगमों को मज़बूत कर सफ़ाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है. सफ़ाई कर्मचारियों के अधिकार, संसाधन और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.”
बता दें कि दिल्ली सरकार ने 18 दिसंबर से बिना पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट (पीयूसीसी) वाले वाहनों को पेट्रोल पंप पर फ्यूल नहीं देने का आदेश जारी किया है. इसके बाद से गुरुवार को एक ही दिन में 61 हजार से ज्यादा लोगों ने पीयूसीसी बनवाए हैं. इसके साथ ही सरकार ने दिल्ली में ट्रक में कंस्ट्रक्शन मैटेरियल लाने और कंस्ट्रक्नशन करने पर भी अभी रोक लगा दी है. अगर कोई कंस्ट्रक्शन मैटेरियल आता हुआ पाया जा रहा है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई हो रही है.
इसके अलावा, दिल्ली में जो बाहर के प्राइवेट वाहन आते हैं वे अगर बीएस-4 से कम होंगे तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है. पर्यावरण मंत्री सिरसा ने कहा था कि, हमारी सरकार दिल्ली के लोगों को साफ हवा देने के लिए प्रतिबद्ध है. इसके लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. उसी के मद्देनजर अब सरकार दिल्ली के सरकारी स्कूलों में भी एयर प्यूरीफायर लगाने की तैयारी में जुट गई है.”
