नई दिल्ली, 16/12/2025
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की गंभीर होती स्थिति के बीच, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंगलवार को दिल्ली की जनता से माफ़ी मांगी. हालांकि, अपनी स्वीकारोक्ति के साथ ही उन्होंने पिछली सरकार पर प्रदूषण की “बीमारी” देने का आरोप भी लगाया. यह बयान ऐसे समय में आया है जब प्रदूषण का मुद्दा संसद में भी चर्चा का विषय बन चुका है और सर्वोच्च न्यायालय ने भी इस पर चिंता व्यक्त की है. सिरसा की माफ़ी, प्रदूषण संकट पर सरकारी स्वीकारोक्ति को दर्शाती है, जबकि आम आदमी पार्टी पर उनका आरोप इस गंभीर समस्या पर जारी राजनीतिक खींचतान को उजागर करता है.
राजधानी में कई स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक के ‘अति गंभीर’ (400 से ऊपर) श्रेणी में बने रहने के बाद पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा लंबे समय बाद दिल्ली सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए सामने आए. इस दौरान उन्होंने कहा, “मैं दिल्ली के लोगों से माफ़ी मांगना चाहता हूँ. किसी भी चुनी हुई सरकार के लिए 9-10 महीनों के भीतर प्रदूषण के स्तर को पूरी तरह से कम करना असंभव है.”
माफ़ी मांगने के तुरंत बाद, उन्होंने प्रदूषण की मौजूदा चुनौती को पिछली सरकार से मिली विरासत बताया. उन्होंने आप पर निशाना साधते हुए कहा,
“प्रदूषण की यह बीमारी हमें आम आदमी पार्टी ने दी है, और हम इसे ठीक करने के लिए काम कर रहे हैं. हम आप सरकार से बेहतर काम कर रहे हैं और हमने हर दिन AQI कम किया है.” उन्होंने दावा किया कि समस्या का समाधान एक दीर्घकालिक और सतत प्रक्रिया है.
सरकार द्वारा उठाए गए कड़े कदम
प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों पर बोलते हुए, मंत्री सिरसा ने कुछ कड़े फैसलों की घोषणा की जो 18 दिसंबर से लागू होंगे. जिसमें 18 दिसंबर से बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (PUC) वाले किसी भी वाहन को पेट्रोल या डीज़ल नहीं दिया जाएगा. निर्माण सामग्री ले जाने वाले ट्रकों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और नियम तोड़ने पर ऐसे वाहनों को जब्त किया जा सकता है. दिल्ली के बाहर से आने वाले BS-6 मानक से नीचे के वाहनों पर प्रतिबंध जारी रहेगा. मंत्री ने नागरिकों से नियमों का सख्ती से पालन करने का अनुरोध किया, और कहा कि इन उपायों का उद्देश्य दिल्ली को स्वच्छ हवा प्रदान करना है. उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में स्थिति की समीक्षा के बाद और कड़े फैसले लिए जा सकते हैं.
प्रदूषण नहीं, AQI में फर्जीवाड़े के लिए माफी मांगे भाजपा सरकार: सौरभ भारद्वाज
आम आदमी पार्टी (APP) के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार पर प्रदूषण के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को प्रदूषण के लिए नहीं, बल्कि एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के आंकड़ों में फर्जीवाड़ा करने के लिए दिल्लीवालों से माफी मांगनी चाहिए.
सौरभ भारद्वाज ने पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के बयानों को झूठा बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक प्रदूषण छिपाने के लिए AQI के आंकड़ों में हेरफेर कर रही है.
मंगलवार को ‘आप’ मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद यह स्वीकार कर चुकी हैं कि AQI स्टेशनों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि सोमवार को दिल्ली का वास्तविक AQI करीब 1000 था, लेकिन दिल्ली सरकार ने इसे घटाकर 450 के आसपास दिखाया. यह फर्जीवाड़ा लगातार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार के दौरान कभी AQI के आंकड़ों से छेड़छाड़ नहीं की गई और जो भी स्थिति होती थी, वह दिल्ली की जनता के सामने रखी जाती थी.
सौरभ भारद्वाज ने कृत्रिम वर्षा के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद से लगातार कृत्रिम वर्षा के वादे किए गए, लेकिन आज तक इसका कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया. कभी तारीखें बदली गईं, कभी मानसून का बहाना बनाया गया और अंत में सिर्फ प्रचार किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रोजेक्ट में जनता के करोड़ों रुपये खर्च कर दिए गए, लेकिन सरकार अब इसका हिसाब देने से बच रही है.
