साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर, 14/12/2025
साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर जिले के खरड़, माजरी और डेराबस्सी ब्लॉकों में पंचायत समिति चुनाव रविवार शाम शांतिपूर्वक संपन्न हो गए, जिनमें कुल 54.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर-व-जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कोमल मित्तल ने आज यहां सांझा की।
ब्लॉकवार विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि खरड़ में 49.95 प्रतिशत, डेराबस्सी में 56.31 प्रतिशत तथा माजरी में 56.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियां सुरक्षित रूप से वापस पहुंच गई हैं और मतपेटियां सरकारी कॉलेज डेराबस्सी तथा सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज, खूनीमाजरा (खरड़ और माजरी ब्लॉकों के लिए) में स्थापित संग्रह केंद्रों/स्ट्रांग रूमों में जमा करवा दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि पूरी मतदान प्रक्रिया के दौरान सब कुछ सुचारू रूप से चलता रहा और मतदान समाप्त होने तक कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई भी समस्या सामने नहीं आई।
सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों, उनके समर्थकों तथा मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए श्रीमती मित्तल ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क रहे। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए चुनाव ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई भी दी।
डिप्टी कमिश्नर ने आगे बताया कि मतगणना 17 दिसंबर को सरकारी कॉलेज, डेराबस्सी तथा सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज, खूनीमाजरा में की जाएगी। तब तक मतपेटियों को कड़े सुरक्षा प्रबंधों के तहत रखा जाएगा।
