दिल्ली, 12/11/2025
राजधानी दिल्ली में मौसम का डबल अटैक लोगों पर हो रहा है. प्रदूषण बेहद गंभीर स्थिति में है. AQI 400 के पार है. वहीं ठंड भी असर दिखा रही है. दिल्ली के धुंध की चादर में लिपटी सुबह नजर आई. इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास का इलाका जहरीली धुंध की घनी चादर में लिपटा हुआ नजर आया. CPCB के अनुसार इस क्षेत्र में AQI 408 है जो ‘गंभीर’ श्रेणी में है. धुंध की परतें इतनी गहरी है कि इंडिया गेट कहीं छिप सा गया है. सुबह के वक्त लोग मॉर्निंग वॉक करने इंडिया गेट पर निकले हैं लेकिन इंडिया गेट कहीं गायब नजर आ रहा है.
दिल्ली में बढ़ी ठंड
पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ देखा जा रहा है. बीते तीन चार दिनों से राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में लगातार तापमान में गिरावट देखी जा रही है. लगातार गिरते तापमान के बीच, दिल्ली में कल मंगलवार को इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह रही. इस दौरान न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
मौसम विभाग के अनुसार, यह तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री कम और पिछले दिन दर्ज किए गए 10.4 डिग्री सेल्सियस से काफी कम था. मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम था. आर्द्रता का स्तर 95 से 41 प्रतिशत के बीच रहा.
सुबह कोहरा और दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार आज राजधानी दिल्ली में बुधवार को सुबह कोहरा और दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है. इस दौरान अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड ने क्या कहा पढ़िए
केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड सीपीसीबी के अनुसार राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह 7:00 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 345 अंक बना हुआ है जो की गंभीर श्रेणी में आता है. जबकि दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 315, गाजियाबाद में 322, ग्रेटर नोएडा में 312, गुरुग्राम में 323 और नोएडा में 311 अंक बना हुआ है। राजधानी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI लेवल 300 से ऊपर और 400 के बीच में बना हुआ है.
