चंडीगढ़, 15/11/2026
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय छठ महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर पूर्वांचल से जुड़े लोगों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ मैया की कृपा सभी पर बनी रहे और सबका जीवन सुख, समृद्धि एवं खुशियों से परिपूर्ण हो। मुख्यमंत्री ने घाट पर पूजा अर्चना कर छठी मैया का आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां यमुना की पावन धरती पर हम सभी छठ मैया का आशीर्वाद लेने के लिए एकत्रित हुए हैं। प्रकृति और संस्कृति का यह अद्भुत संगम हमें अपनी मूल जड़ों से और अधिक मजबूती से जोड़ता है। आज वे उस महान परंपरा का सम्मान करने के लिए यहां आए हैं, जिसे बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से आए लोगों ने अपनी आस्था और परिश्रम से हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा बनाया है।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा का संबंध हरियाणा की धरती से भी रहा है। एक मान्यता के अनुसार, छठ पर्व की शुरुआत महाभारत काल में हुई थी और सूर्यपुत्र कर्ण ने धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में सूर्य देव की उपासना की शुरुआत की थी। इस प्रकार यह पर्व हमारी ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से भी जुड़ा हुआ है।
छठ पूजा के लिए प्रदेश में विकसित की जा रही सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल के लोगों की आस्था और परंपराओं का सम्मान करना तथा उनके हितों की रक्षा करना प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है। इसी भावना के अनुरूप सरकार द्वारा छठ पूजा के आयोजन के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि करनाल में 4 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से स्नान घाट का निर्माण किया गया है। इसी घाट के सामने नहर के दूसरे किनारे पर भी स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत घाट का निर्माण हो चुका है। इसके अतिरिक्त पंचकूला में भी छठ पूजा के लिए घाट बनाया गया है। पानीपत और सोनीपत में भी घाटों का निर्माण किया जा चुका है।
श्रमिकों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल के मेहनती और कर्मठ भाई-बहन आज देश के विभिन्न प्रदेशों में अपनी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण से अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी छठ पर्व को राष्ट्रीय पर्व की संज्ञा दी है, जो इस पर्व की व्यापक सांस्कृतिक और सामाजिक महत्ता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार श्रमिकों के कल्याण, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पिछले 12 वर्षों में निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए 3,931 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा, हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा भी श्रमिकों के कल्याण पर लगभग 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए कन्यादान योजना के तहत 1 लाख 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। सरकार ने वेतन सीमा में वृद्धि करके अधिक से अधिक औद्योगिक एवं संगठित क्षेत्र के श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के दायरे में शामिल किया है, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि श्रमिकों के अपने घर का सपना साकार करने के लिए प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता योजना भी लागू की गई है। मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र निर्माण श्रमिकों को घर बनाने के लिए 2 लाख 50 हजार रुपये तक की वित्तीय सहायता सीधे प्रदान की जाती है।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों की सुरक्षा, संरक्षण, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए हर संभव प्रयास करती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और उनके जीवन में खुशहाली लाना है।
