harjot singh bains
चंडीगढ़, 05/11/2026
पंजाब की मान सरकार प्रदेश के 1,000 कॉलेज विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और पंजाब सिविल सेवा (PCS) परीक्षाओं की पूरी तरह मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग प्रदान करेगी, इस परियोजना के तहत सरकारी कॉलेजों के 750 और निजी कॉलेजों के 250 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस की अगुवाई में इस पहल को लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी का सपना आर्थिक तंगी या कोचिंग संस्थानों से दूरी के कारण अधूरा नहीं रहना चाहिए। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली युवाओं को सिविल सेवाओं की तैयारी के लिए समान अवसर उपलब्ध करवाना है।
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि इस योजना से छोटे शहरों और गांवों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी बड़े कोचिंग संस्थानों जैसी शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। इससे विद्यार्थियों को आर्थिक परेशानियों की चिंता किए बिना अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
ऑनलाइन कक्षाओं के साथ मिलेगी मेंटरशिप और टेस्ट सीरीज
योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को लाइव और रिकॉर्डेड ऑनलाइन कक्षाएं, अध्ययन सामग्री, नियमित टेस्ट सीरीज, उत्तर लेखन का अभ्यास, उत्तरों का मूल्यांकन, व्यक्तिगत मार्गदर्शन, सवालों के समाधान और इंटरव्यू की तैयारी जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। विद्यार्थी पंजाब में कहीं से भी इन सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
फाजिल्का और तरनतारन के सिविल सेवा अभ्यर्थियों ने इस योजना सराहना की। उनका कहना है कि महंगी कोचिंग के कारण कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी तैयारी नहीं कर पाते। मुफ्त कोचिंग से उन्हें बेहतर मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास का अवसर मिलेगा।
PACE योजना के तहत 58,614 विद्यार्थी ले रहे कोचिंग
सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए पंजाब सरकार का पंजाब एकेडमिक कोचिंग फॉर एक्सीलेंस (PACE) कार्यक्रम भी चल रहा है। इसके तहत फिजिक्स वाला और अवंती के सहयोग से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 58,614 विद्यार्थी मुफ्त कोचिंग ले रहे हैं।
इनमें 29,129 विद्यार्थी JEE और 22,096 विद्यार्थी NEET की तैयारी कर रहे हैं। कार्यक्रम के तहत 3,110 विद्यार्थी कक्षा 9वीं और 4,279 विद्यार्थी कक्षा 10वीं में बुनियादी कोचिंग प्राप्त कर रहे हैं।
सरकार के अनुसार, पंजाब के सरकारी स्कूलों के 361 विद्यार्थियों ने JEE Main 2026, 64 ने JEE Advanced 2026 और 882 विद्यार्थियों ने NEET-UG 2026 की परीक्षा में सफलता हासिल की है। NEET क्वालिफाई करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 2024 में 437 से बढ़कर 2025 में 847 और 2026 में 882 हो गई है।
