चंडीगढ़ , 24/10/2026
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि संत महापुरुषों ने हमेशा समाज को समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया है। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। संत महापुरुषों के बताए रास्ते पर चलकर ही मानव कल्याण के साथ समाज और राष्ट्र की उन्नति संभव है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को आपसी भाईचारे, सद्भाव और परोपकार की भावना अपनानी चाहिए।
श्री कृष्ण कुमार बेदी शनिवार को जींद जिला के गांव पीपलथा और नारायणगढ़ में महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि संत महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को सही दिशा दिखाती हैं। उनके विचारों को जीवन में अपनाकर सामाजिक भेदभाव को दूर किया जा सकता है और समाज में एकता को मजबूत बनाया जा सकता है। महर्षि वाल्मीकि ने अपने जीवन और विचारों से समाज को मानवता, सदाचार और समानता का मार्ग दिखाया। उनके आदर्शों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार संत महापुरुषों की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए गरीब और जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और लाडो लक्ष्मी योजना इसके उदाहरण हैं उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार युवा, गरीब, किसान और महिलाओं के सम्मान तथा उत्थान को प्राथमिकता दे रही है। युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है, जिससे उनमें रोजगार के प्रति विश्वास बढ़ा है। वहीं, किसानों की फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करने के साथ उनकी भुगतान राशि भी निर्धारित समय में सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है। श्री बेदी ने उक्त दोनों गांवों में ग्रामीणों द्वारा रखी विकास कार्यों की मांगों को भी पूरा करवाने का आश्वासन दिया।
