haryana congress
चंडीगढ़, 08/10/2026
लोकतंत्र बचाओ सप्ताह एवं कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को लेकर बुधवार को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक का आयोजन हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन में तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में किया गया. बैठक में SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के नाम पर मतदाता सूचियों में हो रहे बदलाव, मतदाताओं के अधिकार, लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता तथा कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.
हरियाणा में कांग्रेस का हल्ला-बोल: बैठक में निर्णय लिया गया कि 8 अक्टूबर को पूरे हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे और लोकतंत्र तथा मताधिकार की रक्षा की आवाज बुलंद करेंगे. अंबाला में प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा एवं इंडिया गठबंधन के घटक दलों के नेता इस प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे. संजय दत्त ने कहा कि SIR के नाम पर जिस तरह मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर बदलाव और लोगों के नाम हटाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं, वह बेहद गंभीर विषय है. मतदाता सूची केवल कागज का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार का आधार है.
कांग्रेस का वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान: संजय दत्त ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता को बिना उचित प्रक्रिया, पारदर्शिता और सुनवाई के उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान किसी राजनीतिक दल विशेष का नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का अभियान है. भाजपा सरकार को यह स्पष्ट करना होगा कि मतदाता सूचियों में बदलाव की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी क्यों नहीं है और जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं, उन्हें अपने पक्ष में सुनवाई और दावा-आपत्ति का पर्याप्त अवसर क्यों नहीं दिया जा रहा.
कार्यकर्ताओं से शामिल होने की उम्मीद: हरियाणा कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि 8 अक्टूबर को हर जिला मुख्यालय पर होने वाला कांग्रेस का प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एक मजबूत जनआवाज बनेगा. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि SIR के नाम पर यदि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटता है, तो यह केवल एक नाम हटना नहीं, बल्कि उसके लोकतांत्रिक अधिकार पर सीधा प्रहार है.
कांग्रेस का लोकतंत्र बचाओ सप्ताह: चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और हर मतदाता को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना लोकतंत्र की बुनियादी शर्त है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ और ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से जनता के बीच जाकर उन्हें उनके संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी. भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार को प्रशासनिक प्रक्रिया की आड़ में लोकतंत्र के मूल अधिकारों के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जा सकती. उन्होंने कहा कि हरियाणा कांग्रेस 8 अक्टूबर को प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर सरकार से जवाब मांगेगी. कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पात्र मतदाता अपने वोट के अधिकार से वंचित न हो.
वोट का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत: नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि लोकतंत्र में सरकारें जनता के वोट से बनती हैं और इसलिए वोट का अधिकार ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है. यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटा दिया जाता है तो उसकी आवाज को चुनाव प्रक्रिया से बाहर करने का प्रयास होता है. उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बेहद जरूरी है. सरकार और संबंधित संस्थाओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम केवल कागजी प्रक्रिया या प्रशासनिक लापरवाही के कारण सूची से बाहर न हो.
नेताओं की ड्यूटी लगाई गई: भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव, बूथ-बूथ और घर-घर तक पहुंचेंगे. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 8 अक्टूबर के जिला स्तरीय प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा.
