wheather news
न्यूज़ डेस्क, 08/10/2026
हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से जारी गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने 8 से 13 अक्टूबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. बारिश और तेज हवाओं के चलते आने वाले दिनों में दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है.
मौसम विभाग की चेतावनी: IMD ने 8 अक्टूबर को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पंचकूला और यमुनानगर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल में भी कुछ जगह बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
कई जिलों में बदलेंगे हालात: मौसम विभाग के मुताबिक 13 अक्टूबर तक हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. बारिश वाले क्षेत्रों में दिन के समय गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है.
तापमान में मामूली गिरावट: बुधवार को हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान मंगलवार की तुलना में 0.3 डिग्री कम दर्ज किया गया. हालांकि तापमान सामान्य के आसपास बना रहा. हिसार 37.5 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा. नारनौल में 37, महेंद्रगढ़ में 36.8, सिरसा में 36.4 और नूंह में 36.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
इन शहरों में भी रहा गर्मी का असर: फरीदाबाद में 36.2, भिवानी में 35.7, जींद में 35.5, रेवाड़ी के बावल और पलवल में 35.4, झज्जर में 34.5, करनाल में 34.2, पानीपत में 34, फतेहाबाद में 33.9 और गुरुग्राम में 33.8 डिग्री तापमान रहा. रोहतक में 33.3, अंबाला में 33.2, कुरुक्षेत्र में 33, सोनीपत में 32.4 और पंचकूला में 31.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत: अक्टूबर में दिन के समय गर्मी बनी हुई है, लेकिन अगले कुछ दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है. इससे लोगों को दिन की गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.
खुले में काम करने वालों को सतर्क रहने की सलाह: तेज हवाओं और आंधी के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है. खेतों में काम करने वाले लोगों को मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहने को कहा गया है. बिजली चमकने के दौरान भी सावधानी बरतना जरूरी है.
