श्री फतेहगढ़ साहिब, 07/10/2026
फतेहगढ़ साहिब में धोखाधड़ी और जालसाजी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर आरोप लगा है कि उसने खुद को अविवाहित और पंजाब सिविल सेवा (PCS) अधिकारी बताकर आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रांतीय नेता अमरिंदर सिंह मंडोफल से शादी कर ली। शादी के कुछ ही दिनों बाद महिला घर से सोने-चांदी के गहने और कीमती सामान लेकर फरार हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला मनविंदर कौर समेत उसके परिवार के 6 सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच में खुले धोखे के पन्ने
अमरिंदर सिंह मंडोफल—जो आम आदमी पार्टी के संयुक्त सचिव, जिला परिषद सदस्य और मार्केट कमेटी सरहिंद के चेयरमैन हैं—ने बताया कि फरवरी 2026 में दोनों का विवाह हुआ था। शादी से पहले महिला और उसके परिजनों ने दावा किया था कि वह एक PCS अधिकारी है, कुंवारी है और उसकी उम्र भी काफी कम बताई गई थी।
हालांकि, शादी के बाद जब मंडोफल ने महिला के बैकग्राउंड की जांच की, तो बड़े खुलासे हुए:
-
पहले से शादीशुदा: महिला पहले से शादीशुदा थी और उसका तलाक हो चुका था।
-
18 साल का बेटा: उसका करीब 18 साल का एक बेटा भी है, जिसकी जानकारी शादी से पहले पूरी तरह छिपाकर रखी गई थी।
-
उम्र में हेराफेरी: अपनी असली उम्र छिपाने के लिए महिला ने जन्मतिथि से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए थे।
फर्जी दस्तावेज और पुलिस की कार्रवाई
फतेहगढ़ साहिब के DSP कुलबीर सिंह के अनुसार, पीड़ित AAP नेता अमरिंदर सिंह मंडोफल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। DSP कुलबीर सिंह ने बताया कि शिकायत के मुताबिक आरोपी मनविंदर कौर ने कथित तौर पर साल 1980 से 1992 तक की जन्मतिथि में हेरफेर करके फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करवाया। इन्हीं फर्जी कागजात के आधार पर उसने आधार कार्ड और पैन कार्ड बनवाए और खुद को अधिकारी बताकर धोखे से शादी की। शादी के कुछ दिनों बाद वह घर से सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गई।
तरनतारन के 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
पुलिस ने धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की धाराओं के तहत 6 लोगों को नामजद किया है। ये सभी आरोपी तरनतारन जिले के थाना भिखीविंड क्षेत्र के गांव सुरसिंह के रहने वाले हैं
-
मनविंदर कौर (मुख्य आरोपी महिला)
-
तरलोचन सिंह (भाई)
-
वरिंदरजीत कौर (माता)
-
नरेंद्र सिंह गोल्डी (ताया का लड़का)
-
रुपिंदर कौर (भाभी)
-
सुरिंदर सिंह राणा (गांव के पूर्व सरपंच)
शादी में शामिल हुए थे कई दिग्गज नेता
यह मामला राजनीतिक गलियारों में भी काफी चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि फरवरी 2026 में संपन्न हुए इस विवाह समारोह में सत्ताधारी पार्टी (AAP) के कई दिग्गज नेता शामिल हुए थे। समारोह में पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां और कैबिनेट मंत्री तरनप्रीत सिंह सौंद समेत कई वरिष्ठ नेता पहुंचे थे। शादी के दौरान नेताओं द्वारा खुशियां मनाने और भांगड़ा डालने की तस्वीरें व वीडियो भी सामने आए थे। फिलहाल पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की गहनता से जांच जारी है।
