Chief Minister Nayab Singh Saini visited Singapore-based Surbana Jurong.
चंडीगढ़, 06/10/2026
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर स्थित विश्व प्रसिद्ध शहरी विकास एवं अवसंरचना सुरबाना जुरोंग (Surbana Jurong) का दौरा किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य हरियाणा में विकसित की जा रही नई औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (IMT) के लिए आधुनिक, एकीकृत और भविष्योन्मुखी व्यवस्थाओं को समझना तथा उनका अध्ययन करना था।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने अलग-अलग व्यावसायिक इकाइयों को एक ही स्थान पर एक साथ विकसित करने की संचालन प्रक्रिया का गहन अध्ययन किया। उन्होंने जल शोधन (वॉटर ट्रीटमेंट) से लेकर सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्रबंधन तक की समस्त बारीकियों को विस्तार से समझा। साथ ही, व्यावसायिक इकाइयों के साथ-साथ मैनपावर के लिए व्यवस्थित, सुविधाजनक और बेहतर कार्य वातावरण तैयार करने संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हरियाणा में उद्योगों के लिए सकारात्मक और निवेशक-अनुकूल माहौल तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरे का लक्ष्य राज्य में औद्योगिक विकास को नई दिशा देना तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहरों एवं औद्योगिक क्षेत्रों का विकास करना है।
सुरबाना जुरोंग के विशेषज्ञों के साथ चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने भविष्य के शहरों को विकसित करने तथा आधुनिक सुविधाओं के साथ सुदृढ़ व्यवस्था बनाने की प्रक्रिया को नजदीक से देखा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हरियाणा में प्रस्तावित IMT को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे न केवल उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए बेहतर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
