gurgaon hit and run case
गुरुग्राम, 15 सितंबर 2026
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को टक्कर मारने के बहुचर्चित हिट एंड रन मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुग्राम पुलिस ने मुख्य आरोपी 33 वर्षीय कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा-राजगढ़ के बीच से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के समय गाड़ी में मौजूद उसका भाई भी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है।
CCTV फुटेज और पीड़िता के बयान से बढ़ीं गंभीर धाराएं
गुरुग्राम ईस्ट के डीसीपी संदीप कुमार ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए थाना सेक्टर-56 में एफआईआर दर्ज की थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109 BNS जोड़ी गई है। इसके अलावा, पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले में धारा 78 और 79 BNS भी बढ़ा दी हैं।
मीडिया को इंटरव्यू देकर बंद किया फोन
पुलिस के अनुसार, आरोपी कल्याण बैंसला (निवासी चांदहट, पलवल) ने घटना के बाद मीडिया को इंटरव्यू दिया और फिर अपना मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। आखिरकार क्राइम ब्रांच सोहना की टीम ने 15 सितंबर को उसे राजस्थान से धर दबोचा। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है, जो आरोपी के दोस्त के नाम पर पंजीकृत है।
भागने की कोशिश में चोटिल हुआ आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पेशाब करने के बहाने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। इस दौरान वह गिर गया और उसे चोटें आईं, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर को पीड़ित महिला बाइक राइडर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि 13 सितंबर की सुबह गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेकर यह कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।
