बादल बरसने की उम्मीद नहीं
सिरसा, 12 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में कुल 16 शिकायतें रखी गई, जिनमें से 13 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया. कष्ट निवारण समिति की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान को लेकर गंभीरता बरतने के निर्देश दिए. वहीं लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं.
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने पंजाब की राजनीति और ब्रिक्स बैठक को लेकर भी बयान दिया. ब्रिक्स बैठक को लेकर मुख्यमंत्री ने इसे देश के लिए गर्व की बात बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है. पंजाब कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “कांग्रेस ने लोगों को प्रताड़ित किया और झूठे वादे किए.” उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर भी पंजाब की जनता को बरगलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया. पंजाब में बीजेपी और अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन को लेकर भी मुख्यमंत्री ने तंज कसा. उन्होंने कहा कि अभी तक कोई बादल बरसने की उम्मीद नहीं है.”
बैठक से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव कुत्ताबाढ़ पहुंचकर देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीद लांस नायक सुखचैन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री सीधे शहीद के निवास स्थान पहुंचे, जहां उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया और गहरी सांत्वना व्यक्त की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि “शहीद का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और हरियाणा सरकार दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है.” सिरसा जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता में कहा कि आज मैं गांव कुत्ताबढ़ में लांस नायक सुखचैन सिंह के निवास स्थान पर शोक व्यक्त करने गया था. मैंने डीसी साहब को भी कहा है कि परिवार से बात करके जिस भी तरह की मदद हो सकती है, वह मदद की जाए.
