नेशनल (Patarkar Desk)-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को दूसरे विश्व युद्ध के बाद देश की सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी। मोदी ने कहा कि यह उपलब्धि इटली के लोगों के मेलोनी के नेतृत्व पर भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।
मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर मेलोनी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेलोनी की दोस्ती ने भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के लोगों के बेहतर और समृद्ध भविष्य के लिए आगे भी करीबी सहयोग जारी रखने की इच्छा जताई।
मेलोनी ने मोदी की बधाई का जवाब देते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि इटली और भारत के रिश्ते पहले से कहीं अधिक मजबूत हुए हैं। दोनों देश यूरोप और एशिया के बीच संपर्क और सहयोग को बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
1,413 दिन पूरे कर बनाया रिकॉर्ड
जॉर्जिया मेलोनी 22 अक्टूबर 2022 से इटली की प्रधानमंत्री हैं। गुरुवार को पद पर 1,413 दिन पूरे करने के साथ उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मेलोनी इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री भी हैं।
मेलोनी ने कहा कि भारत और इटली के बीच शुरू की गई रणनीतिक साझेदारी दोनों देशों के संबंधों के महत्व को दर्शाती है। उन्होंने भरोसा जताया कि दोनों देश आने वाले समय में अपने-अपने महाद्वीपों के बीच संबंधों को और मजबूत करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत और इटली भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) को विकसित करने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे। मेलोनी के मुताबिक, यह सहयोग भारत और यूरोप के बीच आर्थिक एवं रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
