चंडीगढ़,30 जुलाई 2026: हरियाणा में आज 77वां वन महोत्सव पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के संकल्प के साथ पूरे उत्साह से मनाया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम करनाल के कुटेल में आयोजित किया गया, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर पौधारोपण किया और प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण को जन-अभियान बनाने का आह्वान किया।
वन महोत्सव के माध्यम से प्रदेशभर में हरियाली बढ़ाने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा प्रकृति और पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी वन महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें राज्य सरकार के विभिन्न मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा आमजन ने भाग लेकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि हमें अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाकर उन्हें बचाना हैं और धरती को हरा-भरा बनाना है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज आज दोपहर अम्बाला के दशहरा ग्राउंड में वन विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने ग्रांउड में कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए पौधरोपण किया।
उर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज हमने दशहरा ग्राउंड में पौधारोपण तपती धूप में किया हैं। अगर यह पौधारोपण 25-30 वर्ष पहले हो जाता तो हमें धूप के थपेड़े न झेलने पड़ते। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2024 में एक पेड़ मां के नाम का नारा दिया है।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के लिए हमें मिलकर काम करना है। एक मां हमे जन्म देती है, हमारा पालन पौषण करती है, हमें पढ़ाती लिखाती है, वहीं दूसरी मां हमारी धरती मां है। दोनों माताएं ही मनुष्य को पालने का काम करती हैं। धरती मां के रूप में हमें फल, फूल, अनाज और आवश्यकता अनुसार अन्य जीवन रूपी वस्तुएं प्राप्त होती हैं। दोनों माताएं ही हमारे लिए अति महत्वपूर्ण हैं।
हरियाणा सरकार के ‘हरित हरियाणा-स्वच्छ हरियाणा’ संकल्प को साकार करने की दिशा में गुरुवार को जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी, सोहना में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खान एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए पौधारोपण किया और प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
