पंजाब, 01 जुलाई 2026: पंजाब में नशे के खिलाफ चल रहे निर्णायक अभियान “युद्ध नशियां विरुद्ध” के 16 महीने पूरे हो गए हैं, जिसके तहत पंजाब पुलिस ने 1 मार्च, 2025 से अब तक 50,656 एफआईआर दर्ज की हैं और 70,871 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 3125 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
इस नशा विरोधी अभियान की शुरुआत से, पंजाब पुलिस, पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव के निर्देशन में, राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में रोजाना कार्रवाई कर रही है।
विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था प्रवीण सिन्हा ने कहा कि 3125 किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी के अलावा, पुलिस ने 842 किलोग्राम अफीम, 675 क्विंटल भूक्की, 85 किलोग्राम चरस, 1022 किलोग्राम गांजा, 58 किलोग्राम आईसीई, 59 लाख नशीली गोलियाँ/कैप्सूल और 19.40 करोड़ रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की है।
487वें दिन, पंजाब पुलिस ने बुधवार को 87 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.8 किलो हेरोइन, 401 नशीली गोलियाँ/कैप्सूल और 11.12 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। इसके अलावा नशा छुड़ाऊ अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज नौ व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार कराने के लिए राजी किया है।
इस दौरान, पुलिस टीमों ने “गैंगस्टरां ते वार” अभियान को 162वें दिन भी जारी रखते हुए 650 छापेमारी कर 368 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जबकि 287 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई और आठ फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
लोग एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में रिपोर्ट कर सकते हैं और अपराध तथा आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना भी दे सकते हैं।
Read More: पूर्व अकाली विधायक वनिंदर कौर लूंबा आम आदमी पार्टी में शामिल

