करनाल
गाँव चलो अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी के प्रवासी कार्यकर्ता संबंधित बूथ की समिति के साथ मिल कर हरियाणा के प्रत्येक बूथ पर सघन जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।
गाँव चलो अभियान की सूरजकुंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला के बाद यहाँ जारी वक्तव्य में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने इस आशय की जानकारी दी। डॉ. चौहान ने बताया कि लोकसभा चुनाव से पूर्व यह टीम हर बूथ पर चार बार चौबीस-चौबीस घंटे के लिए ज़मीनी स्तर पर जनसंपर्क कर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को पहुँचाने के साथ साथ संगठन के निर्देशों अनुसार फीडबैक का संकलन भी करेगी।
डॉ. चौहान ने बताया कि आज इस अभियान में मंडल स्तर पर प्रशिक्षक की भूमिका निभाने वाले क़रीब साढ़े तीन सौ नेता-कार्यकर्ताओं की प्रशिक्षण कार्यशाला को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, प्रदेश प्रभारी व त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब और प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नायब सिंह सैनी ने इस अभियान के महत्व और बारीकियों से अवगत कराया।
डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि सात फ़रवरी को प्रदेश भर में मण्डल स्तरीय प्रशिक्षण के बाद नौ और दस फ़रवरी को राज्य के 19612 बूथों पर पार्टी के लगभग चालीस हज़ार कार्यकर्ता पहले गाँव चलो अभियान के पहले चरण को संपन्न करेंगे। यही कार्यकर्ता इसके बाद तीन बार अलग अलग तारीख़ों में उन्हीं बूथों का दौरा करेंगे।